शनिवार, 21 नवंबर 2015

Curly Brackets - 12

10.43                  
               
 “पहली बात. हमने अभी-अभी वदीम वदीमोविच पेरेदाश को ऑडिट कमिटी से बाहर निकाल दिया है, सवाल ये है, कि क्या हम, आम तौर से, उसे कॉन्फ्रेन्स का डेलिगेट समझते रहेंगे, बावजूद इसके कि वह अनुपस्थित है, और काफ़ी हद तक कार्य सक्षम नहीं है?”
 “ये कैसा सवाल है? बेशक, समझते रहेंगे!” हॉल से ज्युपिटेर्स्की के लोग चिल्लाते हैं.
 “वर्ना कैसे?” कॉन्फ्रेन्स के अध्यक्ष ने कहा. “इसमें पेरेदाश का तो कोई क़ुसूर नहीं है कि पीटरबुर्ग की सड़कों पर चलना ख़तरनाक है. दुर्घटना तो हममें से किसी के भी साथ हो सकती थी. मैं समझता हूँ कि वोटिंग के समय पेरेदाश की स्थिति के बारे में सवाल उठाने की कोई ज़रूरत नहीं है. हाँ, वह अनुपस्थित है. उसकी अनुपस्थिति से कोरम पर कोई असर नहीं पड़ेगा. कोरम पूरा न होने का कोई डर नहीं है. और फिर, आपने ख़ुद ही उसे कॉन्फ्रेन्स के डेलिगेट का अधिकार दिया है!”
 “तो, उस हालत में,” मैण्डेट कमिटी का प्रेसिडेंट कहता है, “जब गुप्त मतदान होगा, तो हमें उसके लिए अस्पताल में बैलेट-बॉक्स भेजना पड़ेगा.”
 “भेजेंगे! कोई बात नहीं!” ज्युपिटेर्स्की के ख़ेमे से लोग चिल्लाते हैं.
 “उस हालत में हम कभी भी ख़तम नहीं कर पाएँगे! कभी भी यहाँ से नहीं जा पाएँगे!” ‘काले-वन’ के ख़ेमे से लोग चिल्लाते हैं.        
  “हाँ, ये सवाल आसान नहीं है,” अध्यक्ष फिर घड़ी पर नज़र डालता है.

10.45

“चलिए, वोटिंग से पहले उसे सुलझाने की कोशिश करते हैं. दोस्तों, मैण्डेट कमिटी और ऑडिट कमिटी से निवेदन करते हैं, कि इस सवाल पर वे मिलकर ग़ौर करें और बोर्ड एवम् प्रेसिडेंट के चुनाव से पहले अपना सुझाव दें.”
 “तो फ़िर, मैं कॉन्फ्रेन्स को सूचित करता हूँ, कि कल के मुक़ाबले कॉन्फ्रेन्स के डेलिगेट्स की संख्या में इस तरह से परिवर्तन हुआ है. ‘आऊट’ – पेरेदाश के संबंध में कोई निर्णय होने तक यह प्रश्न अनुत्तरित रहेगा. ‘इन’ – दो. पहला – आपका परिचित कपितोनोव, जहाँ तक दूसरे का सवाल है, तो मेरे भाषण का संबंध इसी बात से है.”
 “प्लीज़, अगर संभव हो तो संक्षेप में कहें,” कॉन्फ्रेन्स का अध्यक्ष विनती करता है.
 “संक्षेप में कहूँगा. आप जानते हैं कि हमारे बीच तथाकथित ‘रिमोटिस्ट्स’ भी  उपस्थित हैं...”
 “ ये ’तथाकथित’ क्यों?!” ‘तालाब’ उत्तेजित हो जाता है.
 “माफ़ी चाहता हूँ, सिर्फ ‘रिमोटिस्ट्स’. हालाँकि उनके साथ सब कुछ इतना आसान नहीं है. एक रिमोटिस्ट ने, जो ईवेन्ट्स-आर्किटेक्ट के नाम से जाना जाता है, जो कल हमारे यहाँ आया था और आज हमारे बीच है, हम पर पाबन्दी लगा दी है कि उसे न केवल अपने नाम, पिता के नाम और कुलनाम से न बुलाया जाए, बल्कि किन्हीं भी ऑफ़िशियल डॉक्यूमेन्ट्स में उसके नाम, पिता के नाम और कुलनाम का उल्लेख न किया जाए, और ख़ासकर - मैण्डेट कमिटी के मसौदे में. बातों बातों में ये भी बता दूँ, कि दो अन्य रिमोटिस्ट्स, महाशय नेक्रोमैन्सर (ओझा) और काल-भक्षक, काफ़ी देर तक मनाने के बाद इस बात के लिए तैयार हो गए कि ऑफ़िशियल डॉक्यूमेंट्स में उनके कुलनाम, नाम और पिता के नाम को पासपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार लिखा जाए. सिर्फ ईवेंट-आर्किटेक्ट अपनी बात पर अड़ा है. मैं कॉन्फ्रेन्स से विनती करता हूँ कि यहाँ उपस्थित ईवेंट्स-आर्किटेक्ट पर ज़ोर डालें.”
सब लोगों को नहीं मालूम है, कि ईवेंट्स-आर्किटेक्ट देखने में कैसा है और वह कहाँ बैठा है. यदि काल-भक्षक, अपनी दुर्बोधता के बावजूद लोगों की नज़र में आ चुका है, और नेक्रोमैन्सर महाशय सबकी आँखों का कांटा बन गया है, तो कॉन्फ्रेन्स में देर से पहुँचने के कारण ईवेंट्स-आर्किटेक्ट का अभी तक किसी से परिचय नहीं हो पाया था. लोग अपने सिर घुमाते हैं, एक दूसरे से ये पूछते हुए, कि वह कहाँ है.

मगर वह छुप कर कुर्सी में सिकुड़ गया.

मगर मैण्डेट कमिटी का प्रेसिडेंट उसे अज्ञात नहीं रहने देता.
 “ये रहा!” उसकी ओर ऊँगली से इशारा करता है.
 “आप क्या कर रहे हो, प्यारे? ऐसा क्यों कर रहे हो? ये बेहूदगी है!” उसकी बगल में बैठे हुए कॉन्फ्रेन्स के डेलिगेट्स उलाहने देते हैं.                      

कपितोनोव अपनी क़तार से ग़ौर करता है कि इस समय ईवेन्ट्स-आर्किटेक्ट कल वाले जैसा नहीं लग रहा है, जैसा कि उसने रिसेप्शन के पास उसे पाया था – आज वह तरोताज़ा लग रहा है और आज उसने बिल्कुल इन्सानों जैसे कपड़े पहने हैं, हालाँकि ये भी चौंकाने वाले ही थे – सहायक मज़दूर के ‘ओवर-आल’ (चोगा) जैसा, साफ़-सुथरा, नीले रंग का, मगर, लगता है, किसी और का ही उतरा हुआ.

ईवेन्ट्स-आर्किटेक्ट उछलता है और कहता है:
 “मैं ‘कोई’ नहीं हूँ! मैं कोई नाम-वाम नहीं हूँ! मैं ईवेन्ट्स-आर्किटेक्ट हूँ! मैंने कल हॉटेल में भी अपना नाम नहीं बताया था!”
 
 “हाँ, सही कहता है,” ‘तालाब’ कहता है. “वाक़ई में उसने हॉटेल में रहने से इनकार कर दिया था.”
 “क्योंकि वे रजिस्ट्रेशन के लिए मुझ पर ज़ोर डाल रहे थे – मेरे असली नाम के साथ! मगर मैं – न तो सीदोरोव हूँ, ना ही पेत्रोव! ना माइकल जैक्सन, ना ही राबिनोविच! मैं – ईवेन्ट्स-आर्किटेक्ट हूँ!”
 “आपने रात कहाँ गुज़ारी?” कॉन्फ्रेन्स के अध्यक्ष ने पूछा.
 “बाकुनिन एवेन्यू पर बाथ-हाऊस में!” ईवेन्ट्स-आर्किटेक्ट ने गर्व से कहा.
हॉल में किसी ने सीटी बजाई, किसी ने ‘आह!’ कहा, कोई ठहाके लगाने लगा.
 “क्या वहाँ कोई हॉटेल है?” 
 “वहाँ जेटी मज़दूरों का मुसाफ़िरखाना है, वे मेरे शागिर्द हैं!”
अध्यक्ष के चेहरे पर चरम विस्मय का भाव छा गया.
 “आपके सिद्धांतों के प्रति आदर का भाव रखते हुए हम आपको कोई फ्लैट दे सकते थे! आप ऑर्गेनाइज़िंग कमिटी से क्यों नहीं मिले?”
 “अजीब बात है, कि इसे बिना पासपोर्ट के टिकट किसने दिया होगा?” पीले सूट में माइक्रो-मैजिशियन चिल्लाया.  “क्या वे भी शागिर्द हैं? ये पीटर तक आया कैसे?”
 “ ‘लिफ्ट’ ले लेकर!”
 “ ‘लिफ्ट’ ले लेकर?...सर्दियों में?...”
हॉल में शोर-गुल मच गया. अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएँ सुनाई दे रही थीं: “शाबाश!” , “क्लीनिक!”

 “मगर, फिर भी मैण्डेट कमिटी की ओर से,” प्रेसिडेण्ट ने घोषणा की, “मैं यहाँ उपस्थित रिमोटिस्ट्स से निवेदन करता हूँ. काल-भक्षक, महाशय नेक्रोमैन्सर! अपने कॉम्रेड को समझाइये!”
 “नेक्रोमैन्सर नहीं है! वह कॉन्फ्रेन्स को ‘इग्नोर’ कर रहा है!” लोग अपनी-अपनी जगह से चिल्लाते हैं. “नेक्रोमैन्सर क्यों नहीं है?”
मैण्डेट कमिटी का प्रेसिडेंट विनती करता है:
 “काल भक्षक, कम से कम आप ही उसे मनाइये!”

वह बड़ी मुश्किल से उठा. चेहरे पर हरियाली, पलकें सूजी हुईं. कपितोनोव ने अपनी अनिद्रा के बारे में सोचा, कि इसकी बीमारियों के मुक़ाबले में तो वो कुछ भी नहीं है.
 “हम कॉम्रेड नहीं हैं,” काल-भक्षक ने हौले से कहा. “हममें से हरेक अपने आप में परिपूर्ण है.”
 “एक विशेष प्रस्ताव,” ‘तालाब’ ने हाथ उठाया. “सारे कार्यकारी कागज़ात में उसका नाम वैसे ही रखें, जैसे वह चाहता है, मगर कुछ ख़ास रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए, जिनमें कुलनाम, नाम, और पिता का नाम दर्शाया गया हो.”
 “ये और कौन सी सीक्रेट रिपोर्ट्स हैं?” मैण्डेट कमिटी का प्रेसिडेण्ट ‘तालाब’ का मतलब नहीं समझता.
 “मतलब, जो सीक्रेट हैं!” ‘तालाब’ कहता है.
 “मैं विरोध करता हूँ,” ईवेन्ट्स-आर्किटेक्ट की आवाज़ निकलती है.
 “आपको तो उनके बारे में कभी पता ही नहीं चलेगा!”
 “इसमें कोई बात है, कोई सकारात्मक,” कॉन्फ्रेन्स का अध्यक्ष ‘तालाब’ का समर्थन करता है. “मैण्डेट कमिटी इस बारे में सही ढंग से सोचे. और एडिटोरियल बोर्ड भी सोचे. यह विषय समाप्त हुआ. बहुत हुआ. वर्ना तो हम कभी भी,” उसने घड़ी पर नज़र डाली.
11.02

 “मुख्य बात तक पहुँच ही नहीं पायेंगे.”
 माइक्रोमैजिशियन अदिनोच्नी, बड़ी बो-टाई लगाए, और वैसे भी सम्माननीय व्यक्तित्व वाला, माइक्रोफोन पर कब्ज़ा कर लेता है.
 “मैं बहुमत के विचारों से अंशत: और पूर्णत: सहमत हूँ, मगर, हमें ये पूरी तरह व्यक्तिगत किस्म की समस्याएँ क्यों परेशान कर रही हैं? ज़रा देखिए, कि देश में क्या हो रहा है. और प्लेनेट पर? और हममें से हरेक के भीतर? आपने कल मुझे अपनी बात पूरी नहीं करने दी, इसलिए मैं आज कह रहा हूँ. आपको प्रचलित वैधानिकता की बारीकियों की फ़िक्र है, जबकि मानवता अपनी तरह से ज़िन्दगी गुज़ार रही है! ऐसा कैसे हो सकता है? अगर समस्या की तरफ़ व्यवस्था की ऊँचाई से देखा जाए, तो हम पाते हैं कि हमारी सिस्टम को, चाहे वह कितनी ही प्रभावशाली क्यों न हो, एक चीज़ मारे डाल रही हैं: काग़ज़ात का अनियंत्रित प्रवाह. और निरंतरता की ख़ातिर हमें इससे लड़ना होगा!”
 “ठीक है,” अध्यक्ष सहमति दर्शाता है, मगर, बोली गई हर चीज़ से नहीं. “काग़ज़ात का प्रवाह, हमारे कार्यक्षेत्र में नहीं है. बैठ जाईये.”
 “मैं बैठ जाता हूँ! “ माइक्रोमैजिशियन अदिनोच्नी कहता है और अपनी जगह पर बैठ जाता है. “मैं बैठ गया. मगर फिर भी हमारा! हमारा कार्यक्षेत्र! हमारा!”
 “दोस्तों, चार्टर के ड्राफ्ट की ओर बढ़ते हैं,” अध्यक्ष कामकाजी भाव से कागज़ों को उलट-पुलट करते हुए कहता है. “इसका मसौदा आपके हाथों में है, आप सब उससे परिचित हैं. हमारी गिल्ड के चार्टर को मंज़ूर करने का प्रस्ताव रखता हूँ. कौन पक्ष में है? कौन विरोध में? कौन अनुपस्थित है? एकमत से.”
कुछ पल के लिए हॉल में ख़ामोशी छाई रही, फिर इक्का-दुक्का तालियाँ सुनाई दीं, बस, इससे ज़्यादा कुछ नहीं.
अचानक कोई चिल्लाता है:
“ये जादू की ट्रिक है!”
 “कोई ट्रिक-विक नहीं है!” अध्यक्ष गरिमापूर्वक कहता है, उसे ख़ुद भी यक़ीन नहीं था, कि ये इतनी अच्छी तरह से हो जाएगा.
 “ये ट्रिक है! कृपया इसे मिनट्स में नोट करें!”
अध्यक्ष अपनी आस्तीनें दिखाते हुए हाथ ऊपर उठा देता है. उसके लिए तालियाँ बजती हैं.
“और अब - बोर्ड के चुनाव!” अध्यक्ष घोषणा करता है . चार्टर के मुताबिक़ बोर्ड में सात सदस्य होंगे. कृपया गुप्त रेटिंग की वोटिंग के लिए नामांकन प्रस्तुत करें.”
मीटिंग में उत्तेजना फ़ैल गई. कुछ लोग शोर मचा रहे हैं, कुछ नामांकन दे रहे हैं, फिर वे भी शोर बन्द किए बिना नामांकन प्रस्तुत करने लगते हैं. गुप्त रेटिंग की वोटिंग के लिए नामांकन प्रस्तुत करने की प्रक्रिया को रोकना अब असंभव है. कॉन्फ़्रेन्स द्वारा एक के बाद एक बारह नामांकन प्रस्तुत किए गए, और तेरहवें नामांकन के लिए ‘तालाब’ कपितोनोव की उम्मीदवारी का प्रस्ताव पेश करता है.

 “व्हाट द हेल!” कपितोनोव मुड़ता है, मगर ‘तालाब’ हाथ के इशारे से बताता है, कि सब ठीक है, गरम होने की ज़रूरत नहीं है.”
 “सिर्फ अपना नाम वापस मत लो,” बाईं तरफ़ का पड़ोसी कपितोनोव के कान में फुसफुसाता है. “ ‘तालाब’ जानता है, कि वह क्या कर रहा है.”
 “अरे, मुझे बोर्ड में काम नहीं करना है!”
 “तुमको कोई चुनने वाला नहीं है, फ़िक्र न करो. ये होशियारी से चली गई चाल है.”
अध्यक्ष उम्मीदवारों के नामों की सूची पढ़ने लगता है, मगर ज़ोर की चीख़ के कारण पूरी पढ़े बिना ही रुक जाता है:
 “मेरी घड़ी! मेरी घड़ी खो गई!”
वो बदनसीब चाहे कोई भी क्यों न हो, मगर पहल ख़याल सभीको उसके बारे में नहीं, बल्कि समय के बारे में आता है: कितने बजे हैं? डेलिगेट्स, चुपचाप अपने बाएँ हाथ की कलाई की ओर देखने लगे.
11.29

 “मेरी घड़ी कहाँ है?”
 “मेरी भी!”
कॉन्फ़्रेन्स का अध्यक्ष मुट्ठियों से मेज़ का सहारा लेकर धीरे से उठता है, अपने जिस्म को आगे की ओर झुकाकर कहता है:
 “ये क्या ट्रिक्स हैं, महाशयों? जब मैंने कल त्यौहार जैसे वातावरण को बनाए रखने की गुज़ारिश की थी, तो मेरा मतलब बिल्कुल दूसरा था. वो, जो आप अभी कर रहे हैं, ये हमारे कौशल को कलंकित करना  है!”...
 “ये भड़का रहा है!” लोग अपनी अपनी जगह से चिल्लाते हैं.
 “कॉन्फ्रेन्स को बर्बाद नहीं करने देंगे!”
कपितोनोव हाथ-घड़ी नहीं पहनता, उसके लिए मोबाइल फोन ही काफ़ी है, मगर क़िस्मत से मोबाइल अपनी जगह पर ही था.
 “जिसकी घड़ी खो गई है, वो मेहेरबानी से अपना हाथ ऊपर उठाए,” अध्यक्ष कॉन्फ्रेन्स से मुख़ातिब होता है.

 “कृपया ध्यान दें,” माइक्रोमैजिशियन झ्दानोव कहता है, “सिर्फ उन्हीं लोगों का नुक्सान हुआ है, जिन्हें उम्मीदवार बनाया गया था! – गिल्ड के बोर्ड में!... मुझे झूठा साबित कीजिए! मगर, यदि मैं सही हूँ, तो यह बड़े शर्म की बात है!”
 “ये रहीं घड़ियाँ!” वस्तुओं को ढूँढ़ने वाला मिखाइल श्राम चिल्लाता है, और सब उस तरफ़ देखते हैं, जिधर श्राम इशारा कर रहा है: खिड़की की सिल पर पाँच लिटर्स वाला “पवित्र झरना” पानी का कैन रखा है, और उसकी तली में – घड़ियाँ.

उनके संभावित मालिक फ़ौरन खिड़की की ओर लपकते हैं.
 “ख़ैर, शाबाश!” हॉल से एक आवाज़.
 “शाबाश, शाबाश!”
 “कोई ‘शाबाश-वाबाश’ नहीं! शेम!”
 “कोई बड़ी शिद्दत से,” दुखी होकर अध्यक्ष कहता है, “हमारी मीटिंग को बर्बाद करना चाहता है. दोस्तों, मैं आपसे शांत रहने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूँ! अपनी एकता बनाए रखें! वास्तविकता के एहसास को भूलें नहीं!”
 “पवित्र झरने” की तली से निकाली गईं घड़ियाँ फिर से अपने अपने मालिकों के पास पहुँच जाती हैं.
 हॉल से सुनाई देता है “सैबटाझ”.

कपितोनोव के कान में जैसे कोई फुसफुसाकर कहता है: ब्रीफ़केस खोलो.

वह खोलता है.
उसमें कैबेज के कटलेट्स हैं. पॉलिथीन के पारदर्शक पैकेट में.
 “ये मेरे नहीं हैं! किसी ने बदल दिया है!” कपितोनोव उछल पड़ा.
 “आपके पास क्या है? आपके ब्रीफ़केस में क्या घुसेड़ दिया है?”
 “कटलेट्स! कैबेज के!”
सब अपनी-अपनी ब्रीफ़केस खोलकर देखते हैं. मगर कोई भी परेशान नहीं होता, औरों की ब्रीफ़केसों में सब कुछ ठीक ठाक है.
“मेरी ब्रीफ़केस से एक बेहद महत्वपूर्ण चीज़ चुरा ली गई है,” कपितोनोव पूरे हॉल में घोषणा करता है, “बेहद महत्वपूर्ण चीज़!”
 “अगर महत्वपूर्ण चीज़ है तो उसे ढूँढ़ना चाहिए!” माइक्रो मैजिशियन मोक्रानोगोव (‘गीले-पैर’ – अनु.) घोषणा करता है.
 “महाशय!” कालावन उठता है. “गिल्ड की कौंसिल के चुनावों के परिणामों से कोई पहले से ही अप्रसन्न है. उन चुनावों से जो अभी तक हुए ही नहीं हैं, मगर वे होंगे अवश्य!”
कुर्सियों के बीच वाले गलियारे में ख़रगोश उछल रहा था.
 “माफ़ कीजिए, ये मेरा है!”
 “कोतोव्स्की, अपनी बेहूदगी बन्द करो!”
कोतोव्स्की के हाथ में एक काली चपटी चीज़ दिखाई देती है, जले हुए पैनकेक जैसी.
 “आर्थर, मेरे पास!” पैनकेक को फ़र्श पर रखकर कोतोव्स्की चिल्लाता है: ख़रगोश मुड़ जाता है, और फ़ौरन उछलते हुए पीछे की ओर आने लगता है.
पलक झपकते ही पैनकेक की “ऊँचाई” का परिणाम बदलने लगता है और दर्शकों की आँखों के सामने (सब लोग कोतोव्स्की की ओर देख रहे हैं) वह सिर पर पहनने वाली चीज़ में बदल जाता है, जिसे बोलचाल की भाषा में ‘सिलिण्डर’ कह सकते हैं.
कोतोव्स्की ख़रगोश के सामने सिलिण्डर रखता है, और वह ज़्यादा सोचे बगैर, सिलिण्डर में ग़ायब हो जाता है.
  “माफ़ी चाहता हूँ, माफ़ी चाहता हूँ, ऐसा करना नहीं चाहता था,” कोतोव्स्की झुक-झुककर कहता है.
सिलिण्डर जादूगर के सिर पर दिखाई देता है, कुछ तालियाँ और हँसी सुनाई देती हैं. कुछ लोग उत्तेजित हैं:
 “कोतोव्स्की, अपनी सस्ती ट्रिक्स बन्द करो!”
 “स्टाइल-बदलू!”
 “अपना नंबर नहीं है!”
 “मैं लॉबी में करना चाहता था,” कोतोव्स्की सफ़ाई देता है. “मौक़ा चूक गया. बड़े दिल से माफ़ कर दीजिए.”


 “इंटरवल होता है,” अध्यक्ष घोषणा करता है. “इस तरह काम नहीं चलेगा. बाद में निपट लेंगे. कॉफ़ी-ब्रेक.”

शनिवार, 14 नवंबर 2015

Curly Brackets - 11


डेलिगेट्स समय के अवकाश में बातचीत कर रहे हैं
09.53

और स्थान के अवकाश में बिल्कुल भी हलचल नहीं कर रहे हैं – अपनी जगह पर खड़े हैं, ज़्यादातर – जोड़ियों में, और जहाँ कहीं ग्रुप बना है, तो वहाँ पर वे ही हैं – हाइपर-चीट्स और हाइपर-जेबों वाले, ये न जाने क्यों ग्रुप्स में रहना पसन्द करते हैं.
टी.वी. वाले यहाँ पहले ही आ चुके हैं. कॉरेस्पोंडेंट लड़की जुपिटेर्स्की का इंटरव्यू ले रही है. अब कपितोनोव उसका चेहरा एक किनारे से नहीं, जैसा तब देखा था, बल्कि सामने से देख रहा है, और वह उसकी बड़ी-बड़ी आँखों से हैरत में पड़ गया है. दिल चाहता है कि पास जाकर देखे, कहीं नज़र का धोखा तो नहीं है, या मेक-अप का करिश्मा तो नहीं है?
मगर तभी ‘तालाब’ उसके पास आता है:
“आपके प्रोग्राम को एक डाइरेक्टर की ज़रूरत है. मेरे पास एक है. मगर, मुझे डर है कि उसे देर हो रही है, इसलिए बाद में... आपसे मिलना चाहता है, बेहद. बाइ दि वे, महाशय नेक्रोमैन्सर (ओझा) कहाँ हैं? क्या वह हॉटेल से निकले थे?”
 “नहीं, मैंने सिर्फ काल-भक्षक को देखा था. बल्कि, सही कहूँ तो, सुना था. वह मेरे पीछे चल रहा था, और सर्दियों के मौसम के ख़त्म होने के बारे में कुछ बुदबुदा रहा था.”
“उससे सहानुभूति का व्यवहार करेंगे,” तालाब ने हौले से कहा. “हमारे लड़के - रिमोटिस्ट्स हैं. समस्या एक ही है – वे एक दूसरे को पसन्द नहीं करते. काल-भक्षक की तो ज़्यादा समस्या नहीं है, मगर वो दोनों...”
 और जुपिटेर्स्की के बारे में ‘तालाब’ बताता है:
 “जानते हैं, अभी वह किस बारे में बता रहा है? ये, कि पीटरबुर्ग के नॉनस्टेजर्स मॉस्को के नॉनस्टेजर्स से किस तरह भिन्न हैं. जैसे सिर्फ भिन्नताओं के बारे में ही बताना चाहिए! और आपने सुना, मैं कैसे इंटरव्यू दे रहा था? मैंने सबके बारे में अच्छा ही कहा. सभी के बारे में. किसी को अलग-थलग नहीं रखा, किसी को छोड़ा नहीं. अब देखिए, कितना फ़र्क है हम दोनों में?”
हॉल में आने का अनाउन्समेंट होता है.
कपितोनोव से ये कहकर कि, “बाईं ओर बैठना”, ‘तालाब’ सबसे पहले लॉबी छोड़ कर जाता है. जान छुड़ाता हुआ ज्युपिटेर्स्की - कहीं पीछे न रह जाए - इस डर से उनके पीछे भागता है, मगर अपने लोगों को साथ बुलाता है. कपितोनोव कॉफ़ी ख़त्म करता है, और तभी उसकी नज़र कॉरेस्पोंडेंट लड़की  पर पड़ती हैं. वह मुस्कुराती है और ऑपरेटर से कुछ कहती है.
वे उसके पास आते हैं.
 “हमने आपकी भी वीडियो लेने का फ़ैसला किया है. कोई आपत्ति तो नहीं है? आप तो संख्याएँ बूझते हैं ना?”
 “हाँ,” कपितोनोव ने अत्यंत संक्षिप्त उत्तर देता है.
 “मैं बगल में खड़ी रहूँगी. तो, वितालिक?” वह ऑपरेटर से पूछती है.
 “थोड़ा सा और बाएँ...बस, बस. ले रहा हूँ.”               
  “तो, हम मन में संख्याएँ सोचते हैं और बूझते हैं,” वह कैमेरे के सामने जानबूझकर उकसाने वाले अंदाज़ में कहती है. “कुछ असंभव सी चीज़ होने वाली है! अभ्भी! आपकी नज़रों के सामने...”
बड़ी-बड़ी आँखों के सामने बड़ी-बड़ी पलकें भी हैं... ‘मेरे बीस साल कहाँ हैं?’ – कपितोनोव कहना चाहता है. वह उसकी ओर देखती है. और – कुछ-कुछ सांस खींचकर कहती है:
  “मैं तैयार हूँ.”
 “दो अंकों वाली संख्या सोचिए.”
 “दो अंकों वाली?” और उसकी आवाज़ में कपितोनोव को निराशा की झलक सुनाई देती है. “क्या बड़ी संख्या सोच सकते हैं?”
 “कोई भी. बस, सिर्फ दो अंकों वाली.”
 “सोच ली!”
वह तीन जोड़ने को और दो घटाने को कहता है.
जोड़ते और घटाते हुए, वह छत की ओर आँखें घुमाती है.
 “हो गया. बताऊँ?”
 “किसी हालत में नहीं! मैं ख़ुद बताऊँगा.”
यहाँ वह समझ जाता है, कि कहने के लिए उसके पास कुछ नहीं है. वह नहीं जानता कि उसने कौन सी संख्या सोची थी.
वह उसकी अथाह आँखों में देखता है और पाता है कि वह चाहती है कि उसका जवाब सही निकले. वह भौंहे थोड़ा सा ऊपर उठाती है, अपनी लम्बी, पतली गर्दन निकालती है, होठों का बिगुल बनाते हुए मुँह कुछ खोलती है, जैसे वह उसकी अंतिम बार कडा ज़ोर लगाने में मदद कर रही है, और इंतज़ार करती है, इंतज़ार करती है, मगर वह – नहीं बता सकता.      
 “नहीं.”
सांस बाहर छोड़ता है.

वह सहानुभूति से मुस्कुराती है. वह परेशान हो जाता है. ऑपरेटर कैमेरा बन्द कर देता है.
“क्या आपने सचमुच में सोची थी?”
 “बेशक, हाँ!”
 “दो अंकों वाली संख्या?”
 “ज़ाहिर है. आप ही ने तो कहा था.”
 “नहीं हो सका. ओफ़.”
 “सॉरी,” वह कहती है, “ बस, आप परेशान न होईए, दूसरी बार हो जाएगा. हर बार तो नहीं ना हो सकता.”
 “अगर सिक्रेट न हो तो, आपने कौन सी संख्या सोची थी?”
 “222.”
 “मगर ये तो तीन अंकों वाली है!”
 “नहीं, आप क्या कह रहे हैं! तीन अंकों वाली होगी – 333.”
इसी समय कपितोनोव को हॉल में बुलाया जाता है – वह आख़िरी डेलिगेट है, जो भीतर नहीं गया था.
 “माफ़ कीजिए,” कपितोनोव कहता है.
 10.05

हॉल, स्टेज, मेज़. हाथों की सफ़ाई वाला मोर्शिन ए. वी. – मीटिंग के अध्यक्ष.
 “आदरणीय साथियों! कॉन्फ्रेन्स के दूसरे दिन का काम काज शुरू करने की घोषणा करते हुए, मुझे स्वागत आदि के बिना आगे बढ़ने की अनुमति दें. अगर मैं ये कहता कि इस हॉल में आपका स्वागत करते हुए मुझे प्रसन्नता हो रही है, तो मैं झूठ कहता. नहीं, बेशक, आपका स्वागत करने में मुझे ख़ुशी हो रही है, मगर फिर भी मेरी, और साथ ही आपकी भी ख़ुशी, मेरा ख़याल है, तब पूरी ख़ुशी होती, अगर हमारी मीटिंग यहाँ नहीं, बल्कि, कल के समान – हॉटेल के बड़े हॉल में हुई होती, मगर, अफ़सोस की बात है कि हमारे लिए अज्ञात षड़यंत्रकारी की उस गुण्डागर्दी वाली, स्पष्ट कहूँ तो, आपराधिक हरकत के बाद, हम सही शब्दों का इस्तेमाल करने से नहीं डरेंगे: षड़यंत्रकारी! – मैं फिर से दुहराऊँगा : षड़यंत्रकारी! – उस सब के बाद हॉटेल के एडमिनिस्ट्रेशन ने, हम उनकी परिस्थिति समझ सकते हैं, हमें आपकी परिचित बिल्डिंग को किराए पर देने से इनकार कर दिया, मगर इससे इस आर्ट क्लब “सी-9” के प्रति हमारी कृतज्ञता में कोई फ़रक नहीं पड़ता, जिसने हमें यहाँ आसरा दिया. एक बार फिर से हार्दिक धन्यवाद.”              
 “और रात्रि-भोज?” हॉल में एक आवाज़ गूंजी.
 “क्या रात्रि-भोज? रात्रि-भोज के कार्यक्रम में फ़िलहाल कोई परिवर्तन नहीं है. फ़ायर-प्लेस वाला हॉल, उम्मीद करता हूँ कि हमसे नहीं छीनेंगे. मगर सिर्फ इसलिए, कि ये आयोजन अन-ऑफ़िशियल है. एडमिनिस्ट्रेशन की पाबन्दी सिर्फ ऑफ़िशियल आयोजनों पर है. मगर, मैं रात्रि-भोज के मूड को प्रोत्साहन नहीं देना चाहता. हमारे सामने अभी कामकाज का दिन पड़ा है, और अगर कल के दिन के बारे में कहें, तो हम मुश्किल में हैं. और एक बार – जहाँ तक बीते हुए कल का सवाल है – जिससे विषय को ख़त्म कर सकूँ. कॉन्फ्रेन्स को ख़त्म करने की दुर्भावनापूर्ण कोशिश की गई. हम किसी की राह में रोड़ा बन रहे थे. मैं याद दिलाऊँगा कि हॉल में बम रखे जाने के बारे में पुलिस को अज्ञात फ़ोन ठीक उसी समय मिला, जब हमारे ‘गिल्ड के चार्टर’ के बारे में ज़ोरदार बहस हो रही थी. मैं उम्मीद करता हूँ कि ये दुश्मन हमारे अपनों में से न हो, बल्कि कोई बाहरी व्यक्ति हो. हर हाल में, मैं याद दिलाऊँगा कि ऐसी ग़ैरकानूनी हरकतें, सही कहूँ तो अपराध, सीधे क़ानून के दायरे में आते हैं, और मुझे मालूम नहीं कि पुलिस क्या कार्रवाई करेगी, मगर, यदि अचानक हमारे ही बीच में वह विलन, वह षडयंत्रकारी निकल आए, चाहे मैं भी क्यों न होऊँ, या फिर यहाँ उपस्थित लोगों में से कोई और क्यों न हो, सही शब्दों का इस्तेमाल करने से नहीं डरेंगे: विलन, षड़यंत्रकारी...फिर से: षड़यंत्रकारी!...उसके प्रति कोई दया नहीं दिखाई जाएगी, उसके समर्थन में कोई संयुक्त पत्र नहीं लिखे जाएँगे!...हमसे वह दया की ज़रा सी भी उम्मीद न रखे! अपने कामों की ज़िम्मेदारी लेनी होगी! और फ़ुल-स्टॉप लगाते हैं.”
तालियाँ.
 “और, अगर किसी को हमारे सहारे की ज़रूरत है, तो वह है हमारे मित्र, उच्च श्रेणी के जादूगर-हाथों की सफ़ाई, वदीम वदीमोविच पेरेदाश को, मुझे इस बारे में बताते हुए अफ़सोस हो रहा है, मगर उसे कल अस्पताल में भर्ती करना पड़ा. अगर किसी को मालूम नहीं है, तो मैं बताता हूँ: वदीम पेरेदाश कल शाम को सड़क पर फ़िसल कर गिर पड़े थे और अपना पैर तुड़वा बैठे. अगर आपको याद हो, कि कॉन्फ्रेन्स की ऑर्गेनाइज़िंग कमिटी ने दूसरे शहरों से आए हुए मेहमानों को चेतावनी दी थी, कि सेंट-पीटरबर्ग जमी हुई सख़्त बर्फ की दृष्टि से बेहद ख़तरनाक जगह है. गर्मियों में पीटरबर्ग में श्वेत-रातें होती हैं, मगर सर्दियों में कड़ी बर्फ़, बेहद फ़िसलन भरी. आइसिकल्स की तो बात ही न करें. कृपया सावधान रहें, याद रहे कि आप कहाँ हैं...मैं संपादकीय समिती से प्रार्थना करता हूँ कि कॉन्फ्रेन्स की ओर से पेरेदाश को नैतिक समर्थन व्यक्त करते हुए पत्र भेज दे, हम मरीन्स्की हॉस्पिटल में अपनी शुभ कामनाएँ भेज देंगे, जहाँ पेरेदाश पड़ा है, उसे अच्छा लगेगा. वदीम पेरेदाश जल्दी से ठीक हो जाए. कोई आपत्ति तो नहीं है?”
तालियों से जवाब दिया जाता है.
”धन्यवाद,” प्रेसिडेंट कहता है, “ मगर फिर भी, हमने कल कुछ काम तो किया ही है. हमारे पास है प्रेसिडियम, सेक्रेटरी, कॉन्फ्रेन्स का अध्यक्ष, ये मैं, याने मैं अध्यक्ष हूँ, समय पर चुनी गईं कुछ कार्य-समितियाँ हैं – संपादन समिति, मैन्डेट कमिटी, ऑडिट कमिटी, और – इसकी मुझे उम्मीद है – हमारे पास प्रमुख चीज़ है: प्रॉडक्टिव काम के लिए ‘मूड’. आज अन्य बातों के अलावा हमें अपने चार्टर को मंज़ूरी देनी है, गिल्ड के बोर्ड का और प्रेसिडेंट का चुनाव करना है. मगर अभी... अभी हमारे सामने एक टेक्निकल प्रॉब्लम है...मिखाइल विताल्येविच,” वह ऑडिट कमिटी के अध्यक्ष से मुख़ातिब होता है, “प्रॉब्लेम के बारे में बताएँ.”
ऑडिट कमिटी का अध्यक्ष माईक के पास आता है.
 “प्रॉब्लेम वही है. कॉन्फ़्रेन्स के निर्णय के अनुसार, ऑडिट कमिटी में तीन आदमी होने चाहिए. मगर वदीम वदीमोविच पेरेदाश अपना पैर तुड़वा बैठे और ऑडिट कमिटी के सदस्य की ज़िम्मेदारी नहीं निभा सकते. फिर से चुनाव करना होगा.”
 “धन्यवाद,” कॉन्फ्रेन्स के अध्यक्ष ने कहा. वदीम वदीमोविच की बीमारी को देखते हुए ऑडिट कमिटी के सदस्य के दुबारा चुनाव करवाने के प्रस्ताव को मैं मतदान के लिए प्रस्तुत करता हूँ. कौन पक्ष में है? कौन विरोध करता है? कौन अपना वोट नहीं दे रहा है? क्या सर्व सहमति से प्रस्ताव स्वीकार कर लिया गया? नहीं? माफ़ कीजिए – सिर्फ एक ने अपना वोट नहीं दिया. इस सकारात्मक दृष्टिकोण के लिए धन्यवाद. कृपया अपने-अपने उम्मीदवारों के नाम दें.”

‘तालाब’ उठता है.
 “ऑडिट कमिटी के लिए मैं एव्गेनी गेनादेविच कपितोनोव का नाम प्रस्तुत करता हूँ. वह प्रोफ़ेशनल मैथेमेटिशियन है, और मैं समझता हूँ कि उसकी उम्मीदवारी सबसे अच्छी है.”
ज्युपिटेर्स्की के कैम्प में फ़ौरन हलचल होने लगी: उन्होंने फ़ौरन कपितोनोव के हमनाम - जादूगर एव्गेनी अर्कादेविच बोझ्को के नाम का प्रस्ताव रख दिया. वजह: बोझ्को ऑडिट कमिटी से निकल चुके पेरेदाश ही की तरह डाइनिंग टेबल पर जादुई कारनामे दिखाने में माहिर है. कभी वे एक साथ साल्ट-पेपर शेकर्स का खेल दिखाया करते थे.
अध्यक्ष दोनों उम्मीदवारों के लिए वोटिंग का सुझाव देने ही वाला था, कि कॉन्फ्रेन्स ने (ख़ास तौर से ज्युपिटेर्स्की के ख़ेमे के लोगों ने) आरंभिक चर्चा करने का प्रस्ताव रखा. बोझ्को की उम्मीदवारी के बारे में तो कोई सवाल ही नहीं है, मगर कपितोनोव की उम्मीदवारी पर जम के बहस होती है.

चर्चा का आरंभ करता है लिओनीदोव-ज़ापोल्स्की, जो काफ़ी पहुँचा हुआ माइक्रो-मैजिशियन है.
 “ इस तथ्य को, कि आदरणीय कपितोनोव महाशय एक प्रोफेशनल मैथेमेटिशियन हैं, ऑडिट कमिटी की सदस्यता के लिए उनकी उम्मीदवारी की योग्यता के रूप में नहीं देखा जा सकता. हम अपने सम्माननीय सहयोगी की दो अंकों वाली संख्याएँ बूझने की कला का बहुत सम्मान करते हैं, मगर प्रस्तुत परिस्थिति में मैथेमेटिक्स की मूलभूत मान्यताओं के साथ कमाल करने की योग्यता हमारे लिए, जो मैथेमेटिशियन्स नहीं हैं, और जो हर चीज़ की सीधी-सादी गिनती में ही दिलचस्पी रखते हैं, कोई गंभीर समस्या खड़ी कर सकती है. कपितोनोव महाशय का मैं बेहद सम्मान करता हूँ, मगर इसके बावजूद मैं अपील करता हूँ कि उन्हें वोट न दें.”
’तालाब’ इस पर आपत्ति करता है:
 “प्यारे साथियों, ये व्यावसायिक गुण कब से हमें बुरे लगने लगे? किसी ज़माने में ऑडिट कमिटी में गणना विशेषज्ञ, संख्याशास्त्र के विशेषज्ञ, सांख्यिक सिद्धांत के विद्वान प्रोफ़ेशनल को प्रधानता दी जाती थी, और यहाँ हम उसी विशेषता के कारण उसके साथ भेद-भाव कर रहे हैं. हमारे बीच सिर्फ एक ही मैथेमेटिशियन है. ऑडिट कमिटी में अगर उसे नहीं, तो फिर किसे होना चाहिए?”

लिओनीदोव-ज़ापोल्स्की इसका विरोध करता है:
 “माफ़ कीजिए, अगर ये जादूगरों-नॉनस्टेजरों की न होकर कोई और, जैसे जंगली जानवरों के ट्रेनर्स की, या फिर कोई और कॉन्फ्रेन्स होती, या फिर मैथेमेटिशियन्स की ही होती, तो फिर कौन बहस करता? उस हालत में हम निश्चय ही मैथेमेटिक्स के विद्वान को ऑडिट कमिटी के लिए चुनते, मगर न तो हम ट्रेनर्स हैं, न ही कोई और, हम, आप ख़ुद ही समझते हैं, जादूगर हैं, और हमारे विशेषज्ञ को किसी अटपटी परिस्थिति में क्यों डालें, जब उसके प्रति पूरे विश्वास की भावना रखते हुए, हम किसी भी तरह से उसके प्रति अविश्वास की भावना को दूर नहीं कर सकते? कृपया इसे व्यावसायिक अविश्वास समझें.”
हेरा-फेरी वाला माखोव:
 “मैं पिछले वक्ता से सहमत हूँ. किसी का भी अपमान नहीं करना चाहता, मगर आप सब जानते हैं, कि बगीचे में, मैं नहीं बताऊँगा, किसे नहीं छोड़ना चाहिए. मुझे, मिसाल के तौर पर, मैंडेट कमिटी में इस उम्मीदवारी पर कोई आपत्ति नहीं है. मगर, सिर्फ ऑडिट कमिटी में नहीं!”
 “ये सरासर बेइज़्ज़ती है!” लोग अपनी-अपनी जगह से चिल्लाए. “उसने इन्सान का अपमान किया है! इसने कॉन्फ्रेन्स का अपमान किया है!”
 “मैंने अपमान किया है! कहाँ अपमान किया है?”
 “माखोव महाशय, हम बग़ीचा नहीं हैं!” कॉन्फ्रेन्स के अध्यक्ष ने कहा. “सभी से अपील करता हूँ कि शांत रहें. चलिए, आख़िरकार वोटिंग कर लेते हैं. ये सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न नहीं है. वलेन्तीन ल्वोविच, आप तो पहले ही बोल चुके हैं...”
 “एक सेकंड, एक सेकंड!” ‘तालाब’ बेहद परेशान है : उसे बोलना ही है.
 “वलेन्तीन ल्वोविच, प्लीज़, समय को तो बख़्श दीजिए!”

10.27

“दोस्तों-जादूगरों!” तालाब माइक्रोफोन से दूर नहीं हटता,ईमानदारी से बात करेंगे, यहाँ, हम सब जादूगर हैं, हम सब मैनिप्युलेटर्स हैं, ये हमारी कला है, और उसमें हम प्रवीण हैं. मगर, आप ख़ुद ही सोचिए, इस सवाल का जवाब दीजिए: मैनिप्युलेशन के विषय की दृष्टि से संख्याएँ ताश के पत्तों से, रुमाल से, दोमिनो के पांसों से और इसी तरह की हमारी दूसरी पसन्दीदा चीज़ों से किस बात में अलग हैं? अगर हम संख्याओं के मैनिप्युलेटर को ऑडिट कमिटी का सदस्य बनाने से इनकार करते हैं, तो उसी आधार पर मैण्डेट कमिटी में भी न तो ताश के पत्तों के विशेषज्ञ को, न तीलियों के माइक्रोमैजिशियन को, और न ही स्लीव्ज़-जादूगर को शामिल करना चाहिए. और वे अचानक हमारी वैधता के साथ हेरा-फेरी करने लगेंगे, मैण्डेट्स के साथ जादू करने लगें तो? अगर हम कपितोनोव को ऑडिट कमिटी में इस आधार पर नहीं चुनते हैं, कि वह मैथेमेटिशियन है, तो हम एक ख़तरनाक मिसाल क़ायम करेंगे, हम ख़ुद ही अपने पैरों के नीचे टाइम-बम रख रहे होंगे, अपने आप को विकलांगता की ओर मोड़ रहे होंगे, समस्याओं का जेनेरेटर स्थापित कर रहे होंगे, जो कभी न कभी हमारी कार्यक्षमता पर सवालिया निशान लगा रही होंगी! कम से कम इसीलिए हमें कपितोनोव को वोट देना चाहिए!”
अनुभवी जादूगर म्शीन्स्की स्टेज पर आता है – वह शांत है, उसके चेहरे पर – ज्ञान की गरिमा झलक रही है.
 “आप मुझे जानते हैं, मैं पुराना जादूगर हूं. मुझे बताइए, क्या हमारे बीच कोई ऐसा है, जो सौ तक की गिनती न जानता हो? और एक सौ पचास तक? बहुत ख़ूब! सब जानते हैं. मैं आपके सामने ईमानदारी से स्वीकार करता हूँ, कि इंटीग्रल-कैल्कुलस क्या होता है, मैं नहीं जानता, मगर मैं ये जानता हूँ कि 62 और 67 में कौन सी संख्या बड़ी है. मुझे यक़ीन है कि आप भी जानते हैं, कि 62 से 67 कितना ज़्यादा है.”
 “पाँच!” सब अपनी-अपनी जगह से चिल्लाए. “पूरे पाँच!”
 “बिल्कुल सही! तो, फिर प्रॉब्लेम कहाँ है? प्रॉब्लेम ये है कि कपितोनोव को, इंटीग्रल-कैल्कुलस के विद्वान को ऑडिट कमिटी में लेने का मतलब है – तार्किक बुद्धि का मज़ाक उड़ाना! ये चिड़ियों को मारने के लिए तोप का इस्तेमाल करने जैसा हुआ! ये... तथ्यों को अतिरंजित करना हुआ! और, ऑडिट कमिटी का तथ्य सिर्फ एक है – गिनने की योग्यता होना! – एक, दो, तीन!... सौ तक गिनने की योग्यता होना! ज़्यादा से ज़्यादा डेढ़ सौ तक!”
वोटिंग की गई. कपितोनोव ऑडिट कमिटी में नहीं चुना जाता. बोझ्को को चुन लिया जाता है.

 “बुरा न मानिए,” दाईं ओर बैठा माइक्रो-मैजिशियन ज़ाद्नेप्रोव्स्की फुसफुसाकर कपितोनोव से कहता है.
 “क्या कह रहे हैं, मैं तो ख़ुश हूँ.”
 “फिर भी, अपमान तो लगता ही है.”
 “हूँ, “अपमान”. अपमान – जब अपमान होता है, तब, वाक़ई में – अपमान लगता है!” कपितोनोव शुरुआत करता है.  
उसे अच्छा नहीं लगता कि उसका सांत्वन किया जा रहा है.
 “माफ़ कीजिए. बस, काफ़ी समय से मीटिंग्स में नहीं गया हूँ.”
 “बोर हो रहे हैं?”
 “बहुत नहीं.”
बहस में एक ही बात छाई रही, - और वो ये कि, कॉन्फ्रेन्स के डेलिगेट्स द्वारा कपितोनोव पर जैसे दो पहलुओं से विचार किया जा रहा था: एक तरफ़ से - सिर्फ कपितोनोव और दूसरी तरफ़ से - सिर्फ कपितोनोव की उम्मीदवारी. समझना मुश्किल है, कि इनमें से किस पहलू की हार हुई थी – हो सकता है, दोनों की ही हुई हो?
हार जिसकी हुई, वह था ‘तालाब’. हालाँकि वह इसे ज़ाहिर नहीं होने दे रहा था.
 “साथियों, हमारे सामने काफ़ी काम है. आपसे सक्रियता की उम्मीद करता हूँ!”
अध्यक्ष ने घड़ी की ओर देखा.
10.41                          

मैण्डेट कमिटी का प्रेसिडेंट बोलने की इजाज़त चाहता है. प्लीज़.
मैण्डेट कमिटी का प्रेसिडेंट माइक्रोफ़ोन के पास आता है.
 “साथियों, दो बातों की तरफ़ आपका ध्यान खींचना चाहता हूँ.”


 “बोलिए,” कॉन्फ्रेन्स का अध्यक्ष कहता है और फिर से घड़ी देखता है.